Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार अभियान” के तहत कोटा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। ग्राम लमकेना में रेड कार्रवाई कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। 28 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लमकेना में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है और इससे अवैध धन अर्जित करने में लगा हुआ है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर गांव में दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गजानंद मीरे (36 वर्ष) निवासी ग्राम लमकेना थाना कोटा जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो 15-15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बों में 30 लीटर तथा दो 5-5 लीटर क्षमता वाले डिब्बों में 10 लीटर, कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹8,000 बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 413/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, संजय श्याम, नंद कुमार यादव और विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।
कोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

